सरकारी दौरे पर पत्नी को साथ ले गये मुख्य सचिव, चादर भी चढ़ाई

सरकारी दौरे पर पत्नी को साथ ले गये मुख्य सचिव, चादर भी चढ़ाई
फतेहपुर सीकरी स्थित शेख सलीम चिस्ती की दरगाह में पत्नी सहित पहुंचे मुख्य सचिव आलोक रंजन।
फतेहपुर सीकरी स्थित शेख सलीम चिस्ती की दरगाह में पत्नी सहित पहुंचे मुख्य सचिव आलोक रंजन।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले दिनों दो दिवसीय यात्रा के दौरे पर नेपाल गये थे। इस दौरान उन्होंने विश्व प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर में जलाभिषेक भी किया, जिस पर राजनेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया ही व्यक्त नहीं की, बल्कि सरकारी खर्च पर जलाभिषेक करने को लेकर संसद में हंगामा तक हुआ। यह प्रकरण अभी ठंडा भी नहीं हुआ है और शुक्रवार को सरकारी कार्यक्रम के तहत आगरा गये उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव भी पत्नी सहित फतेहपुर सीकरी में स्थित शेख सलीम चिस्ती की दरगाह पर चादर चढ़ाने पहुंच गये।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव आलोक रंजन शुक्रवार को आगरा गये और सर्किट हाउस में उन्होंने जनपद की कानून व्यवस्था, पर्यटन व विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनपद आगरा को आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने के लिए प्रदेश सरकार संकल्पित है और इसके लिए आगरा के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिनमें से अधिकांश योजनाए वर्ष 2016 तक पूरी कर ली जायेंगी, जिससे जनपद आगरा विश्व स्तर का शहर बन सके।
उन्होंने विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए ताजगंज प्रोजेक्ट को प्रत्येक स्थिति में 2016 तक पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि ताजगंज प्रोजेक्ट के अन्तर्गत 926 शौचालयों का निर्माण किया जाना है, जिसमें 233 शौचालयों का निर्माण पूर्ण हो चुका है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि पहले सीवर लाइन डालें उसके बाद शौचालयों का निर्माण किया जाये। प्रो-पूअर प्रोजेक्ट के सम्बंध मे भी विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य सचिव ने आगरा में बनाये जा रहे इनर रिंग रोड का कार्य दिसम्बर 2016 तक पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि कार्यों को इस प्रकार किया जाये कि प्रत्ये कार्य अपने निर्धारित समय सीमा पर पूर्ण हो जाये। साथ ही उन्होंने इस बात की चेतावनी भी दी कि किसी भी कार्य योजना में समय को आगे नहीं बढ़ाया जायेगा। उन्होंने  इनर रिंग रोड के साथ ही रेलवे पुल एवं यमुना पुल का निर्माण भी प्रत्येक दशा में समय सीमा के अंदर पूरा किये जाने के निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि जनपद आगरा की पेयजल समस्या का निस्तारण शीघ्र ही किया जायेगा। इसके लिए गंगा जल प्रोजेक्ट को भी वर्ष 2016 तक पूर्ण कर लिया जायेगा। उन्होंने जनपद में गंगा जल लाने के लिए गंगा जल प्रोजेक्ट के निदेशक को निर्देश कि वह इस प्रोजेक्ट पर विशेष नजर रखें और इसकी उच्च स्तर पर प्रत्येक माह समीक्षा की जायेगी। उन्होंने कहा कि जनपद के प्रत्येक विकास कार्य पर शासन की सीधी नजर रहेगी और कार्यों की मानक के अनुसार गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाये। उन्होंने ट्रास यमुना क्षेत्र में पानी की अधिक समस्या को देखते हुए उसके लिए शीघ्र ही 34 करोड़ रू0 की लागत से प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है।
मुख्य सचिव ने बताया कि जनपद आगरा को अति आधुनिक एक हजार एकड़ क्षेत्र में थीम पार्क विकसित किया जायेगा, जिसकी योजना तैयारी की जा चुकी है एवं कुछ माह में ही इस पर कार्य प्रारम्भ कर दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि थीम पार्क को तीन अलग-अलग तरीके से विकसित किया जायेगा, जो कि पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केन्द्र होगा। उन्होंने कहा कि एमजी रोड पर जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए फ्लाई ओवर एवं एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जायेगा। उन्होंने कहा कि जनपद आगरा को 22 घंटे बिजली देने का पहले ही प्रदेश सरकार द्वारा निर्देश दिये जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विभिन्न पूंजीपतियों द्वारा उद्योग लगाये जाने से संबंधित कार्य को भी गति दी जा रही है और एक ऐसा माहौल तैयार किया जा रहा है, जिससे पूंजीपति निश्चिन्त होकर अपनी पूंजी का निवेश उत्तर प्रदेश में कर सके।
बैठक में प्रमुख सचिव लोनिव रजनीश दुवे, पर्यटन सचिव अमृत अभिजात, मुख्य सचिव के प्रमुख स्टाफ आफीसर अशीष गोयल, स्टाफ आफीसर आर.डी. पालीवाल, मण्डलायुक्त प्रदीप भटनागर, पुलिस महानिरीक्षक एस. के. गुप्ता, जिलाधिकारी पंकज कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शलभ माथुर, उपाध्यक्ष आगरा विकास प्राधिकरण मनीषा त्रिघाटिया, नगर आयुक्त इन्द्र विक्रम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी के. बालाजी सहित विभिन्न विभागों प्रमुख अधिकारीगण उपस्थित थे।
समीक्षा करने से पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन पत्नी के साथ फतेहपुर सीकरी स्थित शेख सलीम चिस्ती की दरगाह पर चादर चढ़ाने गये और वहां उन्होंने प्रदेश में अमन चैन की दुआ की।
फतेहपुर सीकरी स्थित शेख सलीम चिस्ती की दरगाह में पत्नी के साथ चादर चढ़ाते मुख्य सचिव आलोक रंजन।
फतेहपुर सीकरी स्थित शेख सलीम चिस्ती की दरगाह में पत्नी के साथ चादर चढ़ाते मुख्य सचिव आलोक रंजन।

Leave a Reply