बदायूं से भाजपा के एमएलसी प्रत्याशी होंगे परिवहन मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह

बदायूं से भाजपा के एमएलसी प्रत्याशी होंगे परिवहन मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह
परिवहन एवं वैकल्पिक ऊर्जा मंत्री स्वतंत्र देव सिंह।

बदायूं विधान परिषद क्षेत्र के सदस्य बनवारी सिंह यादव का आकस्मिक निधन हो गया था, जिससे यहाँ चुनाव होना है। अधिसूचना तो जारी नहीं हुई है, लेकिन राजनैतिक गतिविधियाँ तेज होने लगी हैं। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने बुधवार को प्रत्याशी घोषित कर दिए। हालाँकि प्रत्याशियों के क्षेत्र घोषित नहीं किये गये हैं, लेकिन सूत्रों का कहना है कि बदायूं से स्वतंत्रदेव सिंह चुनाव लड़ेंगे।

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी, उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप-मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और मोहसिन रजा किसी सदन के सदस्य नहीं हैं। सरकार बनते ही जिले के नेता मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी और उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से चुनाव लड़ने की मांग करने लगे थे, लेकिन माना जा रहा है कि परिवहन व वैकल्पिक ऊर्जा मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह बदायूं जिले से विधान परिषद सदस्य का चुनाव लड़ेंगे। हालाँकि अभी तक जिला स्तर पर नेताओं व पदाधिकारियों को अधिकारिक सूचना नहीं दी गई है, इसलिए जिले के नेता कुछ भी नहीं बता पा रहे हैं। स्थानीय नेताओं की मांग पर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी और उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्पष्ट मना नहीं किया है, इसलिए इनके लड़ने के भी कयास लगाये जा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी में विधान परिषद सदस्य का चुनाव लड़ने के कई दावेदार हैं, जिससे प्रांतीय स्तर पर नेता अपनी-अपनी पैरवी में लगे हुए थे। बड़े नेता के आने से पार्टी के अंदर की गुटबंदी थम जायेगी, लेकिन यह भी जानना अहम है कि बदायूं समाजवादी पार्टी का न सिर्फ गढ़ है, बल्कि यहाँ मतदाता सपा समर्थित ज्यादा हैं। स्थानीय नेता को कड़ा संघर्ष करना पड़ता, वहीं बड़े नेता को भी चुनाव जीतना आसान नहीं होगा। हाल-फिलहाल बड़े नेता के चुनाव लड़ने की चर्चाओं से कार्यकर्ता खुश हैं एवं आम जनता भी गदगद है, क्योंकि बड़े नेता के द्वारा कई महत्वपूर्ण विकास कार्य कराये जा सकेंगे।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply