अहमदनगर बछौरा को बसाया जायेगा ग्राम बाकरपुर के पास

अहमदनगर बछौरा को बसाया जायेगा ग्राम बाकरपुर के पास
मौका मुआयना करते दर्जा राज्यमंत्री बनवारी सिंह यादव एवं तमाम अफसर।
मौका मुआयना करते दर्जा राज्यमंत्री बनवारी सिंह यादव एवं तमाम अफसर।
बदायूं जिले की तहसील दातागंज क्षेत्र में गंगा किनारे बसा ग्राम अहमदनगर बछौरा को सुरक्षित स्थान ग्राम बाकरपुर स्थित लगभग 32 बीघा जमीन पर बसाया जायेगा। प्रदेश के पिछड़ा वर्ग वित्त विकास निगम के अध्यक्ष व दर्जा राज्यमंत्री बनवारी सिंह यादव ने डीएम, एसडीएम, सीओ तथा बाढ़ खण्ड के अधिकारियों के साथ आज वहां का दौरा भी किया।
मंगलवार को तहसील दिवस के बाद प्रदेश के पिछड़ा वर्ग वित्त विकास निगम के अध्यक्ष व दर्जा राज्यमंत्री बनवारी सिंह यादव जिलाधिकारी सहित अन्य तमाम अफसरों के साथ दातागंज क्षेत्र के ग्राम सरेली पहुंचे और स्थलीय निरीक्षण किया। ग्राम अहमद नगर बछौरा से आए ग्रामीणों की समस्याओं को भी सुना। दर्जा राज्यमंत्री बनवारी सिंह यादव ने जिलाधिकारी को जानकारी दी कि इस गांव के लोग प्रत्येक वर्ष बाढ़ के कारण समस्याओं का सामना करते हैं, इसलिए उचित रहेगा कि अहमदनगर बछौरा के लोगों को दूसरी जगह बसाकर समस्या का पक्का समाधान कर दिया जाए। जिलाधिकारी ने जब इस सम्बन्ध में उप जिलाधिकारी से जमीन की जानकारी की, तो उन्होंने बताया कि इसी तहसील अन्तर्गत ग्राम बाकरपुर में लगभग 32 बीघा जमीन है, जहां अहमदनगर बछौरा को बसाया जा सकता है। जिलाधिकारी ने एसडीएम, सीओ तथा बाढ़ खण्ड के अधिकारियों की टीम बनाकर निर्देश दिए कि मौका मुआयना कर उन्हें अवगत कराया जाए।
उल्लेखनीय है कि पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश के कारण गंगा और राम गंगा नदी का जल स्तर बढ़ने से तहसील दातागंज क्षेत्र के ग्राम अहमद नगर बछौरा सहित अन्य कई गांवों में पानी घुस गया है और कटान के कारण ग्राम सरेली से अहमद नगर बछौरा जाने वाला सम्पर्क मार्ग भी कट गया है, जिससे गांव वासियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचने में असुविधा हो रही है। अहमद नगर बछौरा में लगभग 140 परिवार रहते हैं। जिलाधिकारी ने चिन्हित स्थान पर ग्रामीणों के पहुंचने की शुरूआत होते ही स्वच्छ शौचालयों का निर्माण कराने हेतु प्रभारी डीपीआरओ राजेश यादव को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुविधार्थ नए स्थान पर हैण्डपम्प भी लगावाने हेतु कार्रवाई अमल में लाई जायेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि जो लोग आर्थिक स्थिति से सम्पन्न हैं, वह अपने आवास स्वयं बना लें। अत्यन्त गरीबों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने हेतु प्रक्रिया शुरू की जायेगी और सौर ऊर्जा की लाइटें भी लगवाने की व्यवस्था कराई जायेगी। इस अवसर पर एसपी (सिटी) अनिल कुमार यादव, एसडीएम ओपी तिवारी, सीओ दातागंज श्यौराज सिंह व उसहैत चेयरमैन गौरव कुमार “गोल्डी” सहित लोक निर्माण विभाग और बाढ़ खण्ड के अभियन्तागण मौजूद रहे।

Leave a Reply