केंद्र सरकार के पास नहीं है नीति, कार्यक्रम व जनाधार: धर्मेन्द्र

केंद्र सरकार के पास नहीं है नीति, कार्यक्रम व जनाधार: धर्मेन्द्र
लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में लोहिया वाहिनी की प्रदेश कार्यकारिणी, जिला एवं महानगर अध्यक्षों की बैठक को सम्बोधित करते धर्मेन्द्र यादव।
लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में लोहिया वाहिनी की प्रदेश कार्यकारिणी, जिला एवं महानगर अध्यक्षों की बैठक को सम्बोधित करते धर्मेन्द्र यादव।

समाजवादी नेता तथा लोकप्रिय सांसद धर्मेन्द्र यादव ने आज नौजवानों और पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे समाजवादी सरकार की उपलब्धियों के साथ केन्द्र में भाजपा सरकार की विफलताओं को जनता के बीच बताने का काम करें। समाजवादी सरकार ने समाज के सभी वर्गो के हित की और प्रदेश के विकास की योजनाएं कार्यान्वित की हैं, जबकि भाजपा जिन मुददों को उछालकर सत्ता में आई, उनमें एक भी पूरा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि अब हमें अपना पूरा ध्यान 2017 के विधान सभा चुनावों पर केंद्रित करना है और 2012 से भी बेहतर परिणाम लाना है।

धर्मेन्द्र यादव आज लखनऊ में स्थित पार्टी मुख्यालय में लोहिया वाहिनी की प्रदेश कार्यकारिणी, जिला एवं महानगर अध्यक्षों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप तिवारी ने की। श्री यादव का 51 किलो की माला व पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। बैठक में संग्राम सिंह यादव, विधायक, मत्स्य निगम के अध्यक्ष डा. राजपाल कश्यप, समाजवादी युवजन सभा के अध्यक्ष बृजेश यादव, तथा मुलायम सिंह यूथ बिग्रेड के अध्यक्ष मो. एबाद ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि हमारे सामने मामूली चुनौतियां नहीं है। लोकसभा में सुनियोजित साजिशें हुईं और मतदाताओं को बरगलाकर भाजपा ने जीत हासिल की, लेकिन उनके पास नीति, कार्यक्रम और जनाधार नहीं है। उनके झूठ से लोगों में गहरी निराशा है। जनता का विश्वास प्रदेश में समाजवादी सरकार और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर टिका हुआ है। नेताजी (मुलायम सिंह यादव) का मार्गदर्शन हमें प्राप्त है। हमारी राज्य सरकार की उपलब्धियां शानदार हैं। अपने साधनों से हम योजनाएं पूरी कर रहे हैं। केन्द्र सरकार अपनी योजनाओं में भी कटौती कर रही है और प्रदेश से सौतेला व्यवहार कर रही है।

बैठक में जिलेवार जिला संगठन की समीक्षा के साथ 01 अगस्त, 2015 से 14 अगस्त, 2015 तक साइकिल यात्रा के कार्यक्रम को सफल बनाने का निर्णय लिया गया। वाहिनी के नौजवान ड्रेस कोड में साइकिल यात्रा में समाजवादी सरकार की उपलब्धियों का भी प्रचार-प्रसार करेगें। बैठक में पंचायत चुनावों पर भी चर्चा हुई। लोहिया वाहिनी की बैठक में जितेन्द्र वर्मा जीतू (संचालक), शिव कुमार यादव, मनोज प्रजापति, आमिर गुड्डू, सुधीर कुमार गुप्ता, रामप्रकाश यादव, चौधरी फरजान उस्मानी, नरोत्तम यादव, पीयूष चावला, पंकज उपाध्याय, अभिषेक सिंह, आनन्द चैरसिया, डा. रियासत, सुधीर तोमर, अकरम सिद्दीकी, धनंजय सिंह झब्बू, प्रमोद यादव, मनीष सिंह, विनय गुप्ता, आशीष जायसवाल, ई. सुनील यादव, प्रभात पाठक, कार्मिक तिवारी आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

Leave a Reply