हर्षोल्लास पूर्वक मनाई गई गाँधी जी व शास्त्री जी की जयंती

हर्षोल्लास पूर्वक मनाई गई गाँधी जी व शास्त्री जी की जयंती
दातागंज में शौचालय का उद्घाटन करते अध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता।
दातागंज में शौचालय का उद्घाटन करते अध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता।
बदायूं जनपद में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधान मंत्री लाल बहादुर शास्त्री का जन्म दिवस हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। समस्त सरकारी भवनों एवं शैक्षिक संस्थाओं में ध्वजारोहरण के बाद गांधी जी और शास्त्री जी के चित्र पर माल्र्यापण कर श्रद्धांजलि दी गई। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी शम्भू नाथ, पुलिस कार्यालय में एसएसपी सौमित्र यादव तथा विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी प्रताप सिंह भदौरिया ने ध्वजारोहरण के पश्चात दोनों महापुरूषों के चित्र पर पुष्पांजलि तथा माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। शैक्षिक संस्थानों में ध्वजा रोहण के बाद विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं।
जिलाधिकारी शम्भू नाथ ने कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहरण के पश्चात सभी अधिकारी, कर्मचारियों को सजग रहकर प्रति दिन दो घण्टे श्रमदान कर स्वच्छता के संकल्प को चरितार्थ करने की शपथ दिलाई और गांधी जी तथा शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा जनता को गांधी जी के जन्म दिवस पर बधाई दी। उन्होंने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि गांधी जी हमेशा सत्य और अहिंसा के पूजारी रहे, हम सभी को उनके आदर्शों एवं सिद्धांतों पर चलकर आजादी को कायम रखना है। उन्होंने कहा कि गांधी जी का सिद्धांत था कि जो कार्य स्वयं नहीं कर सकते, उसके बारे में दूसरों से अपेक्षा नहीं करना चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाली जनता तथा अति कमजोर वर्ग के लोगों के लिए तमाम योजनाएं संचालित की जा रही हैं। अधिकारियों को लाभार्थीपरक सभी योजनाओं का लाभ पात्रों को अवश्य देना चाहिए। जन्मशती गांधी नेत्र चिकित्सालय में आयोजित सभा में गांधी जी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अब नैतिक मूल्यों में गिरावट आई है, हमें गांधी जी के जीवन दर्शन का अनुसरण करने की आवश्यकता हैं। उन्होंने कहा कि नेत्र चिकित्सालय के जीर्णाेद्धार हेतु चुनाव बाद कार्य योजना तैयार कर धनराशि की व्यवस्था  कराई जाएगी। अपर जिलाधिकारी प्रशासन अशोक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कर्तव्य और निष्ठा के बिना विकसित भारत की कल्पना नहीं की जा सकती। सभी को अपने अपने अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों को बेहतर ढ़ंग से अंजाम देकर राष्ट्र के लिए योगदान करना होगा। नगर मजिस्ट्रेट अजय कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ कोषाधिकारी प्रवीण कुमार त्रिपाठी तथा जिला राजस्व अधिकारी बदलू प्रसाद ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
गांधी जयन्ती समारोह के उपलक्ष्य में प्रतः 6.30 बजे प्रभात फेरी निकाली गई और महिला एवं पुरूष ओपन तथा 14 वर्ष से कम आयु वर्ग की दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। जिला, तहसील एवं ब्लाक स्तरों पर स्थापित गांधी जी एवं शास्त्री जी की प्रतिमाओं पर सम्बंधित अधिकारियों द्वारा माल्यार्पण किया गया। नगर पालिका परिषद प्रांगण में  आर्येन्द्र प्रकाश द्वारा गांधी जी से सम्बंधित ’‘गांधी एक रूप अनेक’’ पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। मलिन बस्ती शहबाज़पुर में विषेश सफाई व्यवस्था फाॅकिंग, डीडीटी का छिड़काव किया गया। विभिन्न स्कूलों में गांधी जी के जीवन दर्शन पर भाषण एवं वाद विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। महिला एवं पुरूष जिला चिकित्सालय, जिला कारागार तथा सूरजकुण्ड स्थित गुरूकुल में बच्चों को विभन्न स्वयं सेवी संस्थाओं द्वारा फल वितरण किए गए। सीएमओ द्वारा मोहल्ला लोटनपुर, नेकपुर में बच्चों का टीकाकरण किया गया। गांधी आश्रम भवन में चरखे से कताई का कार्यक्रम भी आयोजित हुआ। सांयकाल नगर पालिका परिषद में स्कूली बच्चों के कार्यक्रम सहित जन सभा भी हुई।
दातागंज में तहसील परिसर के निकट पी.पी.पी. मॉडल पर बनाये गये आधुनिक शौचालय का लोकार्पण चेयरमैन राजीव कुमार गुप्ता ने किया। इस अवसर पर चेयरमैन राजीव गुप्ता ने कहा स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने के लिए हम सब नगरवासियों को कृतसंकल्प होना पड़ेगा। स्वच्छता प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का अहम हिस्सा है। स्वच्छ भारत मिशन को साकार रूप देने के लिए हमें पूर्ण रूप से समर्पित होना होगा। इस अवसर पर उन्होंने यह भी बताया कि स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने के लिए नगर के मुख्य मार्गों पर 1000 स्लोगन के साथ जन जागरूकता अभियान चलाया जायेगा तथा स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत सरकार द्वारा शौचालय बनवाने हेतु लोगों को अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम के अन्तर्गत 25 सितम्बर 2015 से 12 अक्टूबर 2015 तक स्वच्छ भारत पखवाड़ा मनाया जा रहा है।
दातागंज नगर के प्रथम सौर ऊर्जा संचालित आधुनिक शौचालय के उद्घाटन के अवसर पर पी.पी.पी. मॉडल की सहयोगी कम्पनी ई.एम.एस.प्रा.लि. के निदेशक गौरव सक्सेना ने योजना के विषय में बताते हुए कहा कि उक्त आधुनिक शौचालय की विशेषता यह है कि इसमें समस्त सुविधाओं का समावेश किया गया है। यह जिले का प्रथम सौर ऊर्जा संचालित शौचालय है, जिसमें विद्युत् विभाग से कोई कनेक्शन नहीं लिया गया है, फिर भी 24 घंटे बिजली उपलब्ध रहेगी व समस्त यूरिनल सेन्सर बेस्ड लगाये गये है। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी ने स्वच्छ भारत पखवाड़ा कार्यक्रम में नगर को स्वच्छ बनाने हुतु नगरवासियों के सहयोग की सराहना करते हुए मिशन के उदेश्यों एवं नगर में प्रस्तावित अनेक कार्य योजनाओं के सन्दर्भ में नगरवासियों को विस्तार से बताया। इस अवसर सभासद, एम. फीरोज, मो. फाकिर, बशीर अहमद, दिनेश कुमार गुप्ता, चित्रपाल, मो. शोएब, मो. मुस्तकीम, सेवाराम कश्यप, बलवीर यादव, पूर्व चेयरमैन बाबू राम कश्यप, भूरे गुप्ता, कल्लू गुप्ता, सचिन गुप्ता, गौरव सक्सेना, पंकज सक्सेना, सतीश गुप्ता सहित अन्य तमाम गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply