विकास रैली की सफलता को सपाइयों ने झोंक दी पूरी शक्ति

विकास रैली की सफलता को सपाइयों ने झोंक दी पूरी शक्ति
रैली की तैयारियों से संबंधित डीएम से जानकारी लेते सांसद धर्मेन्द्र यादव, साथ में मौजूद हैं ग्राम्य विकास राज्यमंत्री ओमकार सिंह यादव, विधायक आशुतोष मौर्य व विधायक रामखिलाड़ी सिंह यादव।
रैली की तैयारियों से संबंधित डीएम से जानकारी लेते सांसद धर्मेन्द्र यादव, साथ में मौजूद हैं ग्राम्य विकास राज्यमंत्री ओमकार सिंह यादव, विधायक आशुतोष मौर्य व विधायक रामखिलाड़ी सिंह यादव।

बदायूं में 23 मई को आयोजित होने वाली समाजवादी पार्टी की विकास रैली की तैयारी सांसद धर्मेन्द्र यादव की निगरानी में युद्ध स्तर पर चल ही रही है। सांसद ने ग्राम्य विकास राज्यमंत्री ओमकार सिंह यादव के साथ जाकर आज फिर रैली स्थल का मुआयना किया, वहीं सांसद की मदद के लिए प्रदेश व देश भर के सपा नेता रैली को सफल बनाने के लिए बदायूं में जुटने लगे हैं। लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप तिवारी आज अपनी टीम के साथ बदायूं पहुंच गये और रैली स्थल पर जाकर उन्होंने तैयारियों का जायजा लिया, साथ ही समस्त प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्षों के साथ बैठक कर रैली की सफलता में जुटने के निर्देश दिए, वहीं सपा के लोकप्रिय युवा नेता ब्रजेश यादव रैली में युवाओं की फौज लाने के लिए जुटे हुए नजर आ रहे हैं।

शनिवार को सांसद धर्मेन्द्र यादव ने ग्राम्य विकास विभाग के राज्यमंत्री ओमकार सिंह यादव, बिसौली के विधायक आशुतोष मौर्य “राजू”, गुन्नौर के विधायक रामखिलाड़ी सिंह यादव सहित अन्य तमाम जनप्रतिनिधियों के साथ रैली स्थल का मुआयना किया और डीएम से तैयारियों से संबंधित जानकारी ली। सांसद ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर मीडिया की सुविधार्थ मीडिया सेन्टर में इंटरनेट की व्यवस्था, मौसम को दृष्टिगत रखते हुए पेयजल और कूलर, सीलिंग फैन और पानी फेंकने वाले फैन की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई जाये। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के प्रति जनता के उत्साह को मद्देनजर रखते हुए आशा की जा रही है कि सीएम की सभा में डेढ़ से दो लाख लोगों के आने की सम्भावना है। कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ ही पार्किंग की भी समुचित व्यवस्था कराई जाये।

लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप तिवारी जिलाध्यक्ष चौ. नरोत्तम सिंह व अन्य सभी प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्षों के साथ रैली स्थल पर तैयारियों का जायजा लेते हुए।
लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप तिवारी जिलाध्यक्ष चौ. नरोत्तम सिंह व अन्य सभी प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्षों के साथ रैली स्थल पर तैयारियों का जायजा लेते हुए।

इधर लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप तिवारी ने जिलाध्यक्ष चौ. नरोत्तम सिंह के साथ सभी प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्षों की मौजूदगी में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मिशन- 2017 का चुनावी बिगुल बदायूं की धरती से फुंकने जा रहा है। रैली में आने वाली जनता मुख्यमंत्री के विकास कार्यों पर मोहर लगा देगी, साथ ही कहा कि ऐतिहासिक रैली के द्वारा जनता विरोधियों को करारा जवाब खुद देने जा रही है। इस दौरान जितेन्द्र वर्मा, जीतू और प्रांतीय सदस्य बी.आर. शर्मा सहित तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे, सभी ने रैली स्थल पर जाकर तैयारियों का जायजा भी लिया।

लोकप्रिय युवा सपा नेता व डीसीबी के चेयरमैन ब्रजेश यादव रैली में युवाओं की फौज लाने के लिए जुटे नजर आ रहे हैं, वह गाँवों व कस्बों में जाकर युवाओं से रैली में बड़ी संख्या में पहुंचने का आह्वान करते दिख रहे हैं, उनके नेतृत्व में रैली स्थल पर हजारों की संख्या में युवाओं के पहुंचने की उम्मीद की जा रही है। बिसौली विधान सभा क्षेत्र के विधायक आशुतोष मौर्य “राजू” भी रात-दिन भीड़ जुटाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं, वह गाँव-गाँव जाकर लोगों से रैली में पहुंचने की अपील कर रहे हैं। विकास रैली को लेकर जिले भर के लोग उत्सुक दिख रहे हैं। आयोजन की भव्यता सभी के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, जिससे हर कोई रैली का नजारा देखने को तत्पर नजर आ रहा है।

22 को आयुक्त और आईजी करेंगे समीक्षा

मुख्यमंत्री के सभा स्थल पर 22 मई रविवार को प्रातः 10 बजे बरेली मण्डल के आयुक्त प्रमांशु, बरेली जोन के आईजी विजय कुमार सिंह मीना तथा डीआईजी आशुतोष कुमार, सभी प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में दिशा निर्देश देंगे, साथ ही अब की तैयारियों की समीक्षा भी करेंगे। अपरान्ह तीन बजे सांसद धर्मेन्द्र यादव व सम्बन्धित अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से कार्यक्रम का रिहर्सल किया जाएगा।

9.45 बजे उतरेगा सीएम का हेलीकॉप्टर
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव प्रातः 8.45 बजे लखनऊ स्थित अमौसी एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर 9.45 बजे सभा स्थल पर बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचेंगे। 9.50 बजे हेलीपैड से प्रस्थान करेंगे और 9.55 बजे दातागंज तिराहे के निकट स्थित कार्यक्रम स्थल पर आगमन होगा। दस से 11.30 बजे तक बदायूं-बरेली फोरलेन मार्ग का लोकार्पण तथा जनसभा को सम्बोधित करेंगे। 11.45 बजे सभा स्थल से कार द्वारा बरेली के लिए प्रस्थान करेंगे।

Leave a Reply