भाजपा विधायक और डीलरों ने एक-दूसरे पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

भाजपा विधायक और डीलरों ने एक-दूसरे पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

संभल जिले में गुन्नौर विधान सभा क्षेत्र चर्चाओं में बना हुआ है। चुनाव के समय भाजपा में शामिल होकर विधायक बने अजीत कुमार सिंह यादव उर्फ राजू क्षेत्र के समस्त राशन डीलरों को भ्रष्ट बताते हुए जाँच करा रहे हैं, वहीं राशन डीलर भाजपा विधायक पर अवैध वसूली का आरोप लगा रहे हैं। राशन डीलरों का आरोप है कि बसपा सरकार में भी राजू ने ऐसे ही सामूहिक शिकायत की थी।

तहसील गुन्नौर के ब्लॉक गुन्नौर, जुनावई और रजपुरा के गांवों में कार्यरत 163 राशन डीलरों की भाजपा विधायक अजीत कुमार सिंह यादव उर्फ राजू ने शासन स्तर पर सामूहिक शिकायत की है। खाद्य एवं रसद विभाग के प्रमुख सचिव के निर्देश पर संभल के जिलाधिकारी आनंद कुमार सिंह ने 33 अधिकारियों को जाँच करने में जुटा दिया है, इस पर राशन डीलर भी भड़क गये हैं। गुन्नौर तहसील पर शुक्रवार को बड़ी संख्या में राशन डीलर जुटे और भाजपा विधायक अजीत कुमार सिंह यादव उर्फ राजू पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए धरना प्रदर्शन किया। राशन डीलरों का आरोप है कि विधायक अवैध वसूली कर रहे हैं और रूपये न देने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करा रहे हैं एवं उनकी शिकायतें कर रहे हैं।

राशन डीलरों का यह भी आरोप है कि बसपा सरकार में भी अजीत कुमार सिंह उर्फ राजू ने राशन डीलरों की सामूहिक शिकायत की थी। आरोप है कि राशन डीलरों का उत्पीड़न करना अजीत कुमार सिंह यादव उर्फ राजू की आदत का हिस्सा है। धरने में खान चंद्र, रामावतार, राजकुमार, ओमकार सिंह, छत्रपाल, ऋषिपाल, मेघराज, गंगा प्रसाद, अरविंद, योगेन्द्र और नेमपाल सहित तमाम राशन डीलर शामिल हुए। यहाँ यह भी बता दें कि अजीत कुमार सिंह यादव उर्फ राजू जद यू, बसपा, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी में भी रह चुके हैं। पिछली बार सपा को खत्म करने की कसम खाकर सपा छोड़ी थी, लेकिन सपा में लौट आये और सत्ता सुख भोगते रहे, लेकिन चुनाव आते ही भाजपा में चले गये। भाजपा की लहर में आसानी से विधायक भी बन गये, लेकिन कार्य प्रणाली में भाजपा की विचारधारा समाहित नहीं हो पा रही है, तभी उन पर आरोप लग रहे हैं, जिससे समूची पार्टी की फजीहत हो रही है।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

पढ़ें: प्रभावशाली भाजपा नेता के साथ घूम रहा है नामजद खाद्यान्न माफिया

बसपा सरकार में अजीत कुमार सिंह यादव उर्फ राजू द्वारा राशन डीलरों की गई शिकायत की छायाप्रति।

Leave a Reply