गौतम संदेश के पोल में आये चौंकाने वाले परिणाम, मेखला पटेल टॉप पर

गौतम संदेश के पोल में आये चौंकाने वाले परिणाम, मेखला पटेल टॉप पर

बदायूं जिले की भारतीय जनता पार्टी में प्रत्याशियों को लेकर घमासान जारी है। प्रत्याशियों का पैनल क्षेत्रीय कमेटी के पास पहुंच गया है, जहाँ मंथन के बाद सूची प्रदेश मुख्यालय भेज दी जायेगी। क्षेत्रीय कमेटी के अध्यक्ष बीएल वर्मा ने बताया कि कार्यकर्ताओं की मंशा के अनरूप ही टिकट दिए जायेंगे। उन्होंने कहा कि संभवतः नगर पंचायतों के प्रत्याशियों की घोषणा 1 नवंबर को और नगर पालिका परिषदों के प्रत्याशियों की घोषणा 2 नवंबर को कर दी जायेगी। बदायूं नगर पालिका परिषद में टिकट की जंग दो प्रत्याशियों के बीच सिमटती नजर आ रही है। हालाँकि अभी चार प्रत्याशी टिकट की जंग में जुटे हुए हैं, वहीं गौतम संदेश द्वारा किये गये पोल में चौंकाने वाले परिणाम सामने आये हैं।

बदायूं नगर पालिका परिषद में कई दावेदार हैं, जिनमें से सात महिला दावेदारों को लेकर गौतम संदेश ने 28 अक्टूबर को पोल की शुरुआत की थी। गौतम संदेश ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ जनभावनाओं को प्राथमिकता देने के कारण पोल की शुरुआत की थी, जिसे गौतम संदेश की साईट पर लगाया। 30 अक्टूबर की शाम 6 बजे तक पोल में भाग लेने का समय निर्धारित था। पोल में लोगों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। परिणाम चौंकाने वाले आये हैं।

कुल 813 मतों में से 387 मत पाने वाली मेखला पटेल शीर्ष पर हैं, उन्हें 47% से अधिक मत मिले हैं। 213 मत पाने वाली पूनम गुप्ता 26% के साथ दूसरे नंबर पर हैं, जो चौंकाने वाली बात है, क्योंकि पूनम गुप्ता सोशल साइट्स पर सर्वाधिक सक्रिय रहने वालों में से हैं, उनके फ़ॉलोअर भी बड़ी संख्या में हैं, पर वे ऑन लाइन पोल में भी पिछड़ गईं। 130 मत के साथ 16% मत पाने वाली दीपमाला गोयल तीसरे नंबर पर हैं, जबकि वे दो चुनाव लड़ने और पुरानी भाजपा नेत्री होने के कारण सर्वाधिक लोकप्रिय मानी जाती हैं, लेकिन ऑन लाइन पोल में वे भी पिछड़ गई हैं। रजनी मिश्रा के टिकट को लेकर भाजपा में कोई चर्चा भी नहीं है, लेकिन उनका नाम पोल में इसलिए शामिल किया गया कि उन्होंने सबसे पहले भाजपा के रंग और भाजपा नेताओं के फोटो के साथ शहर में बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स लगवा दिए थे, वे स्वयं ही दावेदार बन कर उभरी थीं, पर ऑन लाइन पोल में उन्हें 51 मत मिले हैं, जो 6% हैं। 14 मतों के साथ नीरज 2% मत पा सकी हैं। श्रद्धा सक्सेना भी 13 मतों के साथ 2% मत पा सकी हैं, वहीं रीना वैश्य 5 मत पाकर 1% पर सिमट गई हैं।

गौतम संदेश ने ऑन लाइन पोल में पूछा गया सवाल शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विभिन्न वर्गों के लोगों से किया, जिसमें कुछ अलग परिणाम आया है। जमीनी सर्वे में जिन लोगों ने बेहतर और सही के साथ यह कहा कि गंभीरता से चुनाव लड़ेंगी, ऐसे उत्तरों को एक ही श्रेणी में रखा गया है। जमीनी सर्वे में दीपमाला गोयल को ऑन लाइन 16% से ज्यादा 28% मत मिले हैं। मेखला पटेल को 47% से कम 35% मत मिले हैं। पूनम गुप्ता को 26% से थोड़ा कम 23% मत मिले हैं। रजनी मिश्रा को 6% से भी कम 5% मत मिले हैं। नीरज को 2% से ज्यादा 5% मत मिले हैं। श्रद्धा सक्सेना को 2% मत मिले हैं, वे दोनों जगह बराबर हैं, वहीं रीना वैश्य को भी 1% से ज्यादा 2% मत मिले हैं।

ऑन लाइन और जमीनी सर्वे को जोड़ कर देखा जाये, तो 41% के साथ मेखला पटेल नंबर- वन पर हैं। 24.5% के साथ पूनम गुप्ता दूसरे नंबर पर हैं। दीपमाला गोयल 22% के साथ तीसरे नंबर पर हैं। रजनी मिश्रा 5.5% मत पाकर चौथे नंबर पर हैं। नीरज को 3.5% मत मिलने के कारण पांचवां स्थान मिला है। 2% मत पाने वाली श्रद्धा सक्सेना छठवें नंबर पर हैं, वहीं 1.5% मत के साथ रीना वैश्य सातवें नंबर पर हैं।

भाजपा में बैठे उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार टिकट की जंग मेखला पटेल, पूनम गुप्ता, दीपमाला गोयल और नीरज के बीच चल रही है।  नीरज की संगठन में गहरी पैठ है, जिसके आधार पर उन्हें टिकट देने का संगठन पर दबाव है। दीपमाला गोयल पुरानी भाजपा नेत्री हैं, वे दो चुनाव लड़ चुकी हैं, साथ ही शहर में भी लोकप्रिय हैं, इसलिए उन्हें भी टिकट देने का संगठन पर दबाव है। पूनम गुप्ता सोशल साइट्स के माध्यम से उभर कर सामने आने वाली भाजपा नेत्री हैं, लेकिन एक बड़े पदाधिकारी से निकटता के चलते उन्हें टिकट देने का भी संगठन पर दबाव है, वहीं मेखला पटेल लोकप्रियता के शिखर पर हैं, इसलिए उन्हें जनभावनाओं के अनुसार टिकट देने का संगठन पर दबाव है।  संगठन का निर्णय किस आधार पर होगा, यह भविष्य ही तय करेगा।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

पढ़ें: भाजपा में टिकट को लेकर घमासान, लोकप्रिय प्रत्याशी के पक्ष में डालें वोट

Leave a Reply