लखनऊ से चंदौसी जाते समय राज्यमंत्री गुलाबो देवी का जगह-जगह स्वागत

लखनऊ से चंदौसी जाते समय राज्यमंत्री गुलाबो देवी का जगह-जगह स्वागत
बिसौली स्थित गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं के साथ राज्यमंत्री गुलाबो देवी।

बदायूं जिले में मंगलवार को नव-निर्वाचित राज्यमंत्री गुलाबो देवी का जगह-जगह स्वागत किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आम जनता की सेवा में जुट जायें।

पड़ोसी विधान सभा क्षेत्र चंदौसी (सुरक्षित) से भाजपा के टिकट पर विधायक चुनी गईं गुलाबो देवी को प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री बनाया गया है। शपथ ग्रहण के बाद पहली बार लालबत्ती लगी गाड़ी से चंदौसी जा रहीं गुलाबो देवी बदायूं से गुजरीं, तो जिले के कार्यकर्ताओं ने भी उनका जोरदार स्वागत किया। हथसा, दिसौलीगंज, मुड़िया, फैजगंज बेहटा में उन्हें कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने फूल-मालाओं से लाद दिया। गुलाबो देवी पहले भी प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री रही हैं।

बिसौली स्थित लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री गुलाबो देवी ने कहा कि कार्यकर्ता जनता की सेवा में जुट जायें और विकास कार्यों पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्यों के बल पर कार्यकर्ता आम जनता के दिल में हमेशा के लिए जगह बनायें। इस अवसर पर दुर्गेश वार्ष्णेय, अनिल कुमार अक्कू, पंकज सिंह चौहान, मनोज टाटा, जतिन मिश्रा, सोनू मिश्रा, अजय पाराशरी सहित तमाम कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं)

Leave a Reply