मुख्यमंत्री ने लॉन्च किया उत्तर प्रदेश का हाईटैक न्यूज पोर्टल

मुख्यमंत्री ने लॉन्च किया उत्तर प्रदेश का हाईटैक न्यूज पोर्टल
न्यूज पोर्टल का शुभारंभ करते मुख्यमंत्री अखिलेश यादव।
न्यूज पोर्टल का शुभारंभ करते मुख्यमंत्री अखिलेश यादव।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि upnews360.in न्यूज पोर्टल के जरिए जनता राज्य सरकार के विकास कार्याें, जनकल्याणकारी योजनाओं और इनसे जुड़ी विभिन्न उपलब्धियों की जानकारी आसानी से हासिल कर सकेगी। उन्होंने उम्मीद जतायी कि लोग इस जानकारी का सदुपयोग सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने के लिए करेंगे। उन्होंने न्यूज पोर्टल की पहल के लिए सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना भी की है। 
मुख्यमंत्री आज लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास के न्यू जनता दर्शन हाॅल में न्यूज पोर्टल का लोकार्पण करने के बाद अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्ष के दौरान समाजवादी सरकार ने प्रत्येक क्षेत्र एवं वर्ग के उत्थान के लिए अनेक कार्य किए हैं। यह कार्य आगे भी जारी रहेंगे। बुनियादी सुविधाओें के विकास के साथ-साथ बड़े पैमाने पर जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। बड़ी संख्या में लोगों ने शासकीय योजनाओं का लाभ हासिल किया है। इन तमाम तथ्यों के मद्देनजर न्यूज पोर्टल में उपयोगी जानकारी का समावेश किया गया है। उन्होंने यह अपेक्षा भी की कि इस पोर्टल की जानकारियों को नियमित तौर पर अद्यतन किया जाए। 
श्री यादव ने कहा कि आज का दौर तेजी से बदलती तकनीक और उस तकनीक के साथ चलने का दौर है। तकनीकी पिछड़ापन विकास की यात्रा को कमजोर करता है। ऐसे में इण्टरनेट प्रधान वर्तमान समय में प्रदेश के सूचना विभाग द्वारा बहुपयोगी न्यूज पोर्टल का विकास एक सराहनीय कदम है। इससे कोई भी व्यक्ति कहीं से भी उत्तर प्रदेश से जुड़ी हर जानकारी आसानी से हासिल कर सकेगा।

अपने स्वागत सम्बोधन में प्रमुख सचिव सूचना नवनीत सहगल ने कहा कि न्यूज़ पोर्टल में सभी महत्वपूर्ण योजनाओं का पूरा विवरण उपलब्ध कराया गया है। इस पोर्टल की एक खूबी यह भी है कि पहली बार प्रदेश के प्रत्येक जिले से समाचारों की सीधे फीडिंग कराने की व्यवस्था की गई है। इस प्रकार राज्य मुख्यालय के साथ-साथ फील्ड के समाचार भी एक स्थान पर उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि विभाग की यह कोशिश होगी कि भविष्य में इस पोर्टल को और अधिक उपयोगी बनाया जाए। 
सूचना निदेशक आशुतोष निरंजन ने न्यूज़ पोर्टल की विभिन्न खूबियों की जानकारी देते हुए बताया कि यह देश के किसी भी राज्य द्वारा विकसित किया गया सबसे उन्नत पोर्टल है। पूरे देश में कहीं भी ऐसा द्विभाषीय पोर्टल तैयार नहीं किया गया है। पोर्टल की होस्टिंग क्लाउड बेस्ड होने के कारण इसके पेज बहुत तेजी से खुलते हैं। इसमें आॅडियो, वीडियो, फोटो और टेक्स्ट कंटेंट के साथ ही, तिहरा मोबाइल इंटरफेस (एंड्राएड, विंडोज तथा आईफोन) भी है। पोर्टल की सुरक्षा में विश्वस्तरीय सिक्योरिटी आॅडिट का प्राविधान किया गया है। इसे मोबाइल फोन, अथवा टैबलेट, आॅपरेटिंग सिस्टम या ब्राउज़र के जरिए इस्तेमाल किया जा सकता है। 

उपस्थित लोगों को संबोधित करते मुख्यमंत्री अखिलेश यादव।
उपस्थित लोगों को संबोधित करते मुख्यमंत्री अखिलेश यादव।

पोर्टल की साइट पर इसका ऐप उपलब्ध है, जिसे एंड्राएड, विंडोज़ या एप्पल मोबाइल फोन पर डाउनलोड करके उपयोग किया जा सकता है। किसी भी मोबाइल फोन से 8030636360 पर मिस्ड काॅल देकर इस पोर्टल की सेवाएं प्राप्त करने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है। पोर्टल में प्रमुख सोशल मीडिया (फेसबुक, ट्विटर, इन्स्टाग्राम, यूट्यूब, गूगल प्लस तथा पिंटरेस्ट) से सीधा लिंकेज और कम्पेटिबिलिटी की व्यवस्था है। 
इस मौके पर विभिन्न संस्थाओं एवं समाजसेवियों द्वारा नेपाल भूकम्प प्रभावितों के सहायतार्थ मुख्यमंत्री पीडि़त सहायता कोष के लिए चेक भी मुख्यमंत्री को सौंपे गए। इसके तहत सीतापुर के जिलाधिकारी लाल बिहारी पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक राजेश कृष्ण द्वारा 01 करोड़ 30 लाख रुपए का चेक मुख्यमंत्री को दिया गया। इसी प्रकार फर्रुखाबाद के जिलाधिकारी एन0के0एस0 चौहान ने 01 करोड़ 11 लाख रुपए की राशि का चेक मुख्यमंत्री को सौंपा। दोनों जनपदों की सहायता राशि वहां पर कार्यरत कार्मिकों के एक दिन के वेतन से संग्रहित की गई है। राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष राम आसरे विश्वकर्मा ने 04 लाख 60 हजार रुपए तथा अम्बेडकरनगर के गुलाब यादव ने 51 हजार रुपए की सहायता राशि का चेक मुख्यमंत्री को उपलब्ध कराया। मुख्यमंत्री ने इस सहयोग के लिए सभी की सराहना की। इस अवसर पर राजनैतिक पेंशन मंत्री राजेन्द्र चौधरी, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मार्थ कार्य विजय कुमार मिश्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विशेष सचिव मुख्यमंत्री जी0एस0 नवीन कुमार सहित अन्य अधिकारी तथा मीडिया प्रतिनिधि भी मौजूद थे। इस दौरान शाहजहांपुर के पत्रकार जगेन्द्र प्रकरण को लेकर किये गये पत्रकारों के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि निष्पक्ष जांच चल रही है और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई अवश्य कराई जायेगी, थोड़ा धैर्य रखें

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने समाजवादी श्रवण यात्रा की वेबसाइट http://samajwadishravanyatra.upgov.info का भी आज लोकार्पण किया, इस दौरान उन्होंने कहा कि धार्मिक यात्राएं हमारी सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा हैं। यह धर्म के सम्बन्ध में हमारी समझ को बेहतर बनाने में मददगार होती हैं तथा देश की एकता और अखण्डता को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसे ध्यान में रखकर समाजवादी श्रवण यात्रा की शुरुआत इस वर्ष से की गई है।
धर्मार्थ कार्य विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) विजय कुमार मिश्र ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि धर्म के प्रति जागरूक लोगों में करुणा, उदारता, क्षमा और कर्तव्य बोध बढ़ता है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार सभी वर्गों एवं क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करने का काम कर रही है। संसाधन विहीन बुजुर्ग लोगों की आस्था को पूरा कराने के लिए मुख्यमंत्री ने समाजवादी श्रवण यात्रा की शुरुआत की है। इसके अलावा श्री कैलाश मानसरोवर यात्रियों को अनुदान दिया जा रहा है तथा सिंधु दर्शन यात्रा के यात्रियों को भी अनुदान देने का फैसला लिया गया है। 
प्रमुख सचिव धर्मार्थ कार्य एवं सूचना नवनीत सहगल ने कहा कि वेबसाइट की शुरुआत हो जाने से समाजवादी श्रवण यात्रा के इच्छुक लोगों को आॅनलाइन आवेदन करने की सुविधा भी प्राप्त होगी। अभी तक लोगों को सम्बन्धित जिलाधिकारी के कार्यालय में आवेदन करना पड़ता था। आॅनलाइन आवेदन की सुविधा का लाभ विभाग को भी मिलेगा, क्योंकि इच्छुक यात्रियों की संख्या की जानकारी प्राप्त होेने पर यात्रा के लिए और बेहतर प्रबन्ध किए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि भविष्य में आयोजित की जाने वाली यात्राओं की जानकारी भी इस वेबसाइट पर दर्शाई जाएगी।
ज्ञातव्य है कि वेबसाइट में यात्रियों को प्रदान की जाने वाली सुविधाओं, समाजवादी श्रवण यात्रा की पात्रता, आवेदन एवं चयन की प्रक्रिया के विवरण के साथ-साथ यात्रा के सम्बन्ध में जारी किए गए शासनादेश भी उपलब्ध हैं। वेबसाइट के अनुसार अजमेर एवं पुष्कर के लिए समाजवादी श्रवण यात्रा की सम्भावित तिथि 23 जुलाई, 2015 है। इस अवसर पर राजनैतिक पेंशन मंत्री राजेन्द्र चौधरी, अध्यक्ष राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग राम आसरे विश्वकर्मा, विशेष सचिव मुख्यमंत्री जी0एस0 नवीन कुमार, सूचना निदेशक आशुतोष निरंजन सहित अन्य अधिकारी तथा मीडिया प्रतिनिधि भी मौजूद थे।  

इसके अलावा न्यू जनता दर्शन हाॅल में अंग्रेजी मासिक पत्रिका ‘सोशलिस्ट फैक्टर’ के प्रथम अंक का विमोचन और पत्रिका की वेबसाइट का भी लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार गरीबों और किसानों के हित में काम कर रही है। डाॅ. राम मनोहर लोहिया तथा स्व. जनेश्वर मिश्र के बताए रास्ते पर चलते हुए, नेताजी (मुलायम सिंह यादव) के संघर्षों से प्रेरणा लेकर प्रदेश सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रयासरत है। इस मौके पर उन्होंने पिछले माह नीदरलैण्ड्स में सम्पन्न प्रोगे्रसिव अलाइन्स के अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन में अपनी सहभागिता का उल्लेख करते हुए बताया कि आयोजन में दुनिया के प्रगतिशील राजनैतिक दलों ने हिस्सा लिया। लैंगिक समानता एवं सम्मानजनक कार्य विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में इन मुद्दों पर सार्थक विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने उम्मीद जताई कि पत्रिका सोशलिस्ट फैक्टर देश और दुनिया के समाजवादी आन्दोलन के बीच एक सेतु का कार्य करेगी। इस अवसर पर पत्रिका के सम्पादक फ्रैंक हुजूर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। विमोचन कार्यक्रम में राजनैतिक पेंशन मंत्री राजेन्द्र चौधरी, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मार्थ कार्य विभाग विजय कुमार मिश्र, अध्यक्ष राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग राम आसरे विश्वकर्मा, प्रमुख सचिव सूचना नवनीत सहगल, विशेष सचिव मुख्यमंत्री जी0एस0 नवीन कुमार तथा सूचना निदेशक आशुतोष निरंजन भी मौजूद थे।

Leave a Reply