महेश, राजेश, उमेश, कुशाग्र, राजीव और भगवान सिंह हो सकते हैं भाजपा प्रत्याशी

महेश, राजेश, उमेश, कुशाग्र, राजीव और भगवान सिंह हो सकते हैं भाजपा प्रत्याशी
महेश चन्द्र गुप्ता

बदायूं जिले में भी भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को लेकर आम जनता की उत्सुकता बढ़ती जा रही है। कुछ संशोधनों के साथ प्रत्याशियों की अंतिम सूची तैयार हो चुकी है, जो 20 जनवरी से पूर्व ही प्रकाशित कर दी जायेगी। कुछेक क्षेत्रों में हाईकमान का निर्णय अच्छा कहा जा सकता है, वहीं कुछ क्षेत्रों में जमीन से जुड़े लोगों को पीछे धकेल दिया गया है।

उच्चपदस्थ सूत्रों के अनुसार बदायूं विधान सभा क्षेत्र से पूर्व विधायक व पूर्व प्रत्याशी महेश चन्द्र गुप्ता को ही भाजपा प्रत्याशी बना सकती है। शेखूपुर विधान सभा क्षेत्र से पूर्व राज्यमंत्री भगवान सिंह शाक्य प्रत्याशी हो सकते हैं, वे बेटे को टिकट दिलाना चाह रहे थे, लेकिन वंशवाद के आरोपों से बचने के लिए हाईकमान ने बेटे की जगह भगवान सिंह शाक्य के नाम पर ही विचार किया। सहसवान विधान सभा क्षेत्र से भाजपा को कोई दमदार योद्धा नहीं मिल पा रहा था। सूत्रों का कहना है कि गुन्नौर क्षेत्र से विधायक रह चुके राजेश यादव हाईकमान के संपर्क में हैं और उन्हें टिकट मिलना तय है।

बिसौली विधान सभा क्षेत्र से कुशाग्र सागर का नाम तय है, लेकिन बिसौली क्षेत्र से साध्वी प्राची चुनाव लड़ने की इच्छा जता चुकी हैं, जिससे अंतिम क्षणों में यहाँ परिवर्तन की संभावना जताई जा रही है। बिल्सी क्षेत्र से उमेश कुमार सिंह राठोर का नाम तय है, पर जितेन्द्र यादव अभी भी जुटे हुए हैं, लेकिन नाम बदलने की संभावना कम ही है। दातागंज क्षेत्र से मजबूत प्रत्याशी राजीव कुमार गुप्ता हैं, वे लंबे समय से जमीन पर कड़ी मेहनत कर रहे हैं, लेकिन बदायूं विधान सभा क्षेत्र से महेश चन्द्र गुप्ता का नाम तय होने से हाईकमान ने राजीव कुमार गुप्ता को पीछे कर दिया और राजीव कुमार सिंह “बब्बू” का नाम तय कर लिया गया है।

माना जा रहा है कि भाजपा 20 जनवरी से पहले प्रत्याशियों की घोषणा करेगी और सच्चाई घोषणा के बाद ही सामने आ सकेगी, लेकिन सूत्रों का कहना है कि अधिकतर विधान सभा क्षेत्रों में प्रत्याशी तय किये जा चुके हैं, उनमें बदलाव की संभावनायें आंशिक ही हैं। भाजपा घोषणा के लिए शुभ मुहूर्त का इंतजार कर रही है।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं)

Leave a Reply