भव्य सैफई महोत्सव शुरू होते ही वातावरण हुआ गर्म

भव्य सैफई महोत्सव शुरू होते ही वातावरण हुआ गर्म
 
  • हमें अपनी संस्कृति व भाषा को बचाना व विकसित करना है: मुख्यमंत्री
 
  • देश के विकास के लिए किसान की उन्नति जरूरी: मुलायम सिंह यादव
लंदन ओलम्पिक-2012 में कांस्य पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल को पच्चीस लाख रूपये का चेक देते मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव
लंदन ओलम्पिक-2012 में कांस्य पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल को पच्चीस लाख रूपये का चेक देते मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव
इटावा जिले में आज सैफई महोत्सव का उद्घाटन कार्यक्रम बड़ी धूमधाम और भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीयता व लोक शिक्षा की भावना को बढ़ावा दिए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के साथ-साथ खिलाडियों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उद्घाटन अवसर पर कहा कि लोक कला और भारतीय संस्कृति व खिलाडि़यों को सैफई महोत्सव में प्रोत्साहन मिलता है। यह आयोजन 26 दिसम्बर, 2013 से 08 जनवरी, 2014 तक चलेगा, जिसमें अनेक आकर्षक कार्यक्रमों के माध्यम से हमारी लोक कलाओं, संस्कृति व राष्ट्रीयता का प्रदर्शन होगा। उन्होंने कहा कि हमें अपनी संस्कृति व भाषा को बचाना व विकसित करना है।
श्री यादव ने कहा कि कम्प्यूटर आज की शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण हो गया है। इसीलिए राज्य सरकार ने किसानों व गरीब परिवारों के बच्चों को निःशुल्क लैपटॉप देकर उन्हें साधन सम्पन्न परिवारों के बच्चों की भांति आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों, गरीबों, महिलाओं, छात्रों, बेरोजगार युवाओं सहित समाज के हर वर्ग के लिए जो कल्याणकारी योजनाएं चलाई गई हैं, वह किन्हीं दूसरे प्रदेशों में नहीं हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी विचारधारा हिन्दी की प्रतिष्ठा को स्थापित करने के समर्थन में है। यह भाषा मेडिकल, इंजीनियरिंग के क्षेत्र में कैसे उपयोग में लाई जाए, सरकार इसके लिये भी कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि डा. लोहिया व नेताजी श्री मुलायम सिंह यादव ने राष्ट्रभाषा व संस्कृति को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि विकास के लिए समाजवादी विचारधारा को अपनाया जाना जरूरी है।
सैफई महोत्सव उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डा. वेदप्रताप वैदिक ने सैफई महोत्सव में कलाकारों व खिलाडि़यों को आमंत्रित कर उन्हें सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इसके लिए नेताजी श्री मुलायम सिंह यादव सहित आयोजन से जुड़े सभी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि श्री मुलायम सिंह यादव ने हमेशा हिन्दी को बढ़ावा दिया।
ख्यातिप्राप्त चिंतक एवं वरिष्ठ पत्रकार डा. वैदिक ने मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वे गांधी जी, डा. लोहिया तथा नेताजी श्री मुलायम सिंह यादव के सपनों के अनुरूप प्रदेश का विकास कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य में लागू विकास व कल्याणकारी योजनाओं से उत्तर प्रदेश-उत्तम प्रदेश बनेगा। उन्होंने सैफई के विकास पर खुशी जाहिर की।
सांसद एवं पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव ने अपने सम्बोधन में कहा कि देश में 65 प्रतिशत लोग खेती पर निर्भर हैं। देश के विकास के लिए किसान की उन्नति जरूरी है। उन्होंने कहा कि सैफई महोत्सव के आयोजन से संस्कृति व कला को बढ़ावा मिलता है। आयोजन के दौरान आसपास के जनपदों के हजारों लोगों के शिरकत करने से सामाजिक सौहार्द एवं भाईचारा सुदृढ़ होता है।
मुलायम सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी विचारधारा सभी की बराबरी और खुशहाली में विश्वास रखती है। इसलिए प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों का ध्यान रख रही है। समाजवादी सरकार की कथनी-करनी में कोई अन्तर नहीं है। समाजवादी विचारधारा वादा खिलाफी को भ्रष्टाचार मानती है। उन्होंने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें आत्मविश्वास, साहस व नैतिकता के साथ आगे बढ़ने की सीख दी।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि वर्ष 1996-97 से छोटे स्तर पर शुरू हुआ सैफई महोत्सव आज बड़े स्तर पर सुविख्यात हो चुका है। इसमें लोक संस्कृति की झलक दिखती है। महोत्सव के विकास में नेताजी श्री मुलायम सिंह यादव का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार तेजी से विकास कार्य कर रही है। प्रदेश व देश को आगे ले जाने के लिये डा. लोहिया व नेताजी श्री मुलायम सिंह यादव के सपनों को पूर्ण करना होगा। सांसद प्रो. राम गोपाल यादव ने कहा कि डा. वैदिक व ओलम्पिक पदक विजेता खिलाडि़यों के आने से सैफई महोत्सव में चार चांद लग गये। इन खिलाडि़यों पर देश को गर्व है। इनका सम्मान राज्य सरकार ने किया, जो अनुकरणीय है। सैफई महोत्सव में लोकसंस्कृति व लोककला को बढ़ावा मिलता है। ऐसे कार्यक्रमों से प्रतिभाएं निखरकर आगे आती हैं। सांसद जया बच्चन ने बताया कि वे 15 वर्ष पूर्व सैफई महोत्सव में आई थीं। आज सैफई महोत्सव के कार्यक्रम मुम्बई, दिल्ली, चेन्नई जैसे महानगरों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों जैसे हैं। उन्होने राज्य सरकार के कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि श्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में यह प्रदेश उत्तम प्रदेश बनेगा।
सांसद एवं सैफई महोत्सव समिति के अध्यक्ष धर्मेन्द्र यादव ने अपने स्वागत सम्बोधन में महोत्सव में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। उद्घाटन के अवसर पर इटावा-मैनपुरी के ढाई हजार स्कूली बच्चों ने मास्टर चन्दगीराम स्टेडियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘एक सुर एक ताल’ प्रस्तुत किया। इस अवसर पर महोत्सव पंडाल में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रस्तुतिकरण किया गया। इस मौके पर प्रदेश सरकार के अनेक मंत्रिगण व अन्य जनप्रतिनिधि, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी सहित अपार जनसमूह उपस्थित था।
दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ करते सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव, डा. वेदप्रताप वैदिक और साथ में मौजूद हैं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, सांसद धर्मेन्द्र यादव व अरुणा कोरी
दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ करते सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव, डा. वेदप्रताप वैदिक और साथ में मौजूद हैं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, सांसद धर्मेन्द्र यादव व अरुणा कोरी
भव्य समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लंदन ओलम्पिक-2012 के पदक विजेता भारतीय खिलाडि़यों को दो करोड़ रुपये की धनराशि, प्रशस्ति पत्र, शाल व पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कुश्ती में रजत पदक विजेता सुशील कुमार व शूटिंग में रजत पदक विजेता विजय कुमार को 50-50 लाख रुपए की धनराशि व प्रशस्ति पत्र तथा बाक्सिंग में कांस्य पदक विजेता मेरीकॉम, बैडमिंटन में कांस्य पदक विजेता सायना नेहवाल, कुश्ती में कांस्य पदक विजेता योगेश्वर दत्त एवं शूटिंग में कांस्य पदक विजेता गगन नारंग को 25-25 लाख रुपए की धनराशि व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
श्री यादव ने कहा कि इन खिलाडि़यों ने देश का नाम रौशन किया है। नेताजी श्री मुलायम सिंह यादव व समाजवादी सरकार ने खेल व खिलाडियों का सदैव सम्मान किया है। इससे खेल जगत की प्रतिभाओं को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने ओलम्पिक मैडल विजेताओं को सैफई आने के लिये धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सैफई महोत्सव हमारी खेल संस्कृति व शिक्षा को प्रोत्साहित करता है। खिलाडि़यों के सम्मान समारोह में सांसद एवं पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव, कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव, सांसद प्रो. रामगेापाल यादव, सांसद जया बच्चन, मुख्य अतिथि के रूप में डा. वेदप्रताप वैदिक व सांसद व महोत्सव समिति के अध्यक्ष धर्मेंन्द यादव ने खिलाडि़यों का स्वागत व सम्मान करते हुए इन्हें देश की प्रतिभा बताया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के अनेक मंत्रिगण व अन्य जनप्रतिनिधि, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी सहित अपार जनसमूह उपस्थित था।

Leave a Reply