मुख्यमंत्री ने राजकीय मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास किया

 
  • मुख्यमंत्री ने जनपद बदायूं की 1184 करोड़ रु0 से अधिक की 56 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया
 
  • जनपद सम्भल की 184 करोड़ रु0 की 7 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण
 
  • धनाभाव के कारण इलाज के अभाव में नहीं जाएगी गरीबों की जान: मुख्यमंत्री
 
  • स्वास्थ्य तथा शिक्षा की बेहतर व्यवस्था से ही देश व प्रदेश की खुशहाली सम्भव: मुलायम सिंह यादव
बदायूं में रैली को संबोधित करते मुख्यमंत्री अखिलेश यादव
बदायूं में रैली को संबोधित करते मुख्यमंत्री अखिलेश यादव
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि बदायूं जनपद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना से इस जनपद की एक अलग पहचान बनेगी। उन्होंने कहा कि गम्भीर बीमारियों के इलाज के लिए अब दूसरे सूबों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
मुख्यमंत्री आज जनपद बदायूं के गुनौरा वाजिदपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास के अवसर पर आयोजित एक विशाल जन सभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि धनाभाव के कारण अब किसी गरीब की जान नहीं जाएगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि बदायूं का राजकीय मेडिकल कॉलेज आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। श्री यादव ने कहा कि प्रदेश में बिजली, स्वास्थ्य, सड़कों के निर्माण आदि जैसी सुविधाएं मुहिया कराने के साथ-साथ तमाम लाभकारी योजनाएं चलाकर जनता की खून पसीने की गाढ़ी कमाई जनता को लौटाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने गन्ना मूल्य निर्धारित करने, दूध का उत्पादन बढ़ाने, सरकारी नलकूपों एवं नहरों द्वारा निःशुल्क सिंचाई, लैपटॉप एवं कन्या विद्याधन वितरण तथा ‘हमारी बेटी उसका कल’ जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि किसान दुर्घटना बीमा योजना के अन्तर्गत पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की योजना मात्र उत्तर प्रदेश में ही उपलब्ध है। दूसरे प्रदेश नकल करने का प्रयास करके भी उत्तर प्रदेश की भांति जनता को लाभान्वित नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने जनता की कमाई को अनावश्यक कार्यों में बर्बाद करके प्रदेश में विकास को काफी पीछे कर दिया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 545 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले राजकीय मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास के साथ कुल 1153.18 करोड़ रुपए लागत की 34 परियोजनाओं के शिलान्यास के साथ ही 31.02 करोड़ रुपए की 22 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इसी प्रकार जनपद सम्भल की 179.42 करोड़ रुपए की 5 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं 4.53 करोड़ रुपए लागत की 2 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। जनपद बदायूं में कुल 1184 करोड़ 21 लाख रुपए की 56 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करने के साथ ही जनपद सम्भल की 183.95 करोड़ रुपए की 7 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद एवं पूर्व केन्द्रीय रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव ने आश्वस्त किया कि मात्र एक साल में राजकीय मेडिकल कॉलेज का निर्माण पूरा कराकर उद्घाटन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सैफई, कन्नौज, जालौन एवं आजमगढ़ की तरह बदायूं में भी समस्त सुविधाओं से युक्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि पूरे भारत में गरीबों को गम्भीर बीमारियों का मुफ्त इलाज उत्तर प्रदेश में ही उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य तथा शिक्षा की बेहतर व्यवस्था से ही देश तथा प्रदेश की खुशहाली सम्भव होती है।
श्री यादव ने प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने पर बल देते हुए कहा कि साफ-सफाई से व्यक्ति बीमारियों से मुक्त रहता है। उन्होंने कहा कि बदायूं के मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों को एम्स की भांति सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे एम्स जैसा इलाज भी जनपदवासियों को मिल सके। श्री यादव ने दूसरी सियासी पार्टियों पर वार करते हुए कहा कि जनता आगामी चुनाव में साम्प्रदायिक ताकतों को सबक अवश्य सिखाएंगी।
बदायूं के सांसद धर्मेन्द्र यादव ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद की जनता का सपना आज मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास के बाद साकार हो गया है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से समाज के सभी वर्गों विशेष रूप से गरीबों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि बदायूं की खुशहाली और तरक्की में कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधान परिषद सदस्य बनवारी सिंह यादव ने सभी आगन्तुको एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए सरकार द्वारा चलाई जा रही लाभार्थीपरक योजनाओं पर विस्तृत जानकारी दी।
राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष राम आसरे विश्वकर्मा, उ0प्र0 मत्स्य विकास निगम के अध्यक्ष डा. राजपाल कश्यप, एमएलसी नरेश उत्तम ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया। इस अवसर पर जनपद के विधायकगण सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा जे0पी0 शर्मा, शासन व प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा विशाल जन समूह उपस्थित रहा।
रैली से संबंधित विशेष टिप्पणी पढ़ने के लिए क्लिक करें लिंक

Leave a Reply